संसदीय प्राक्कलन समिति ने किया बीएचईएल का दौरा

Haridwar News
Spread the love


हरिद्वार, 28 सितम्बर। संसदीय प्राक्कलन समिति ने अपने अध्ययन दौरे के क्रम में रविवार को बीएचईएल का दौरा किया। समिति के अध्यक्ष डा.संजय जायसवाल के नेतृत्व में लोकसभा सांसदों ने बीएचईएल की विनिर्माण प्रक्रियाओं, तकनीकी क्षमताओं तथा विभिन्न उत्पादन क्षेत्रों का अवलोकन किया। भेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के.सदाशिव मूर्ति तथा हरिद्वार इकाई के कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार ने सभी सांसदों का स्वागत किया।

भ्रमण के दौरान समिति के अध्यक्ष डा.संजय जायसवाल सहित समिति के अन्य सदस्यों ने बीएचईएल हरिद्वार की तकनीकी विशेषज्ञता तथा इंजीनियरों एवं कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। समिति के सदस्यों ने बीएचईएल द्वारा आधुनिकतम तकनीकों को अपनाने, अनुसंधान एवं विकास को बढ़ावा देने तथा बदलती राष्ट्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप, अपने उत्पादों एवं तकनीकी क्षमताओं को निरंतर उन्नत किए जाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी प्रशंसा की।

इस अवसर पर के.सदाशिव मूर्ति ने समिति के सदस्यों को बीएचईएल की वर्तमान कार्यप्रणाली, तकनीकी क्षमताओं तथा देश की ऊर्जा एवं औद्योगिक आवश्यकताओं की पूर्ति में कंपनी के योगदान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्वदेशी तकनीक के विकास तथा उन्नत विनिर्माण क्षमताओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बीएचईएल द्वारा की जा रही विभिन्न पहलों से भी समिति को अवगत कराया। रंजन कुमार ने बताया कि हरिद्वार इकाई ऊर्जा क्षेत्र के लिए जरूरी उपकरणों के निर्माण के साथ रक्षा एवं एयरोस्पेस क्षेत्र में भी अपनी तकनीकी क्षमताओं का विस्तार कर रही है। इस अवसर पर बीएचईएल हरिद्वार के महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply