भेल के संविदा श्रमिक के पुत्र ने नीट क्वालीफाई कर किया परिवार का नाम रोशन

Haridwar News
Spread the love


ईएसआईसी मेडिकल कालेज वाराणसी में एमबीबीएस में मिला दाखिला
हरिद्वार, 13 अक्टूबर। बीएचईएल संविदा श्रमिक के पुत्र ने नीट-2026 परीक्षा में सफलता प्राप्त कर परिवार का सपना साकार किया है। भेल में संविदा श्रमिक के पद पर कार्यरत खूब सिंह के पुत्र प्रशांत को नीट की प्रथम चरण की ऑल इंडिया काउंसलिंग में ईएसआईसी मेडिकल कालेज वाराणसी उत्तर प्रदेश में एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश मिला है। प्रशांत की सफलता के बाद उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

मूल रूप से ग्राम तिगरी मनकावाला नगीना बिजनौर के रहने वाले खूब सिंह वर्तमान में वाटर वर्क्स कॉलोनी शिवलोक, हरिद्वार में रहते हैं। उनके पुत्र प्रशांत कुमार बचपन से ही होनहार एवं मेधावी छात्र रहे हैं। प्रशांत ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा शिक्षा मंदिर तरुण हिमालय कॉलेज शिवलोक हरिद्वार से प्राप्त की। इसके पश्चात बीएचईएल अनुसूचित जाति इम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा निर्धन परिवारों के बच्चों के लिए निःशुल्क संचालित डा.भीमराव अंबेडकर शिक्षा सहभागिता कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित होकर जवाहर नवोदय विद्यालय रोशनाबाद से इंटरमीडिएट शिक्षा पूरी की।

प्रशांत की माता संगीता गौतम ने बताया कि आर्थिक अभाव के बावजूद प्रशांत ने नीट प्रवेश परीक्षा की तैयारी स्वयं की। बचपन से ही चिकित्सा के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले प्रशांत ने अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत, परिवार के सहयोग तथा शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। भारत रत्न डा.भीमराव अंबेडकर को अपना आदर्श मानने वाले प्रशांत ने बताया कि वह अनुशासन और दृढ़ निश्चय के साथ एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर एक कुशल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करना चाहते हैं।

प्रशांत की इस उपलब्धि पर प्रशासनिक अधिकारी शिवलाल गौतम, डा.शुभम गौतम, प्रतीक्षा, शगुन, अश्विनी देवी, वरिष्ठ अभियंता बृजेश कुमार, अपर अभियंता चंद्रकांत सिंह, सहायक अभियंता सुबोध कुमार, अपर अभियंता मनोज कुमार, अपर अभियंता अंकुर मालिया, कृष्ण कुमार, संगीता गिरी, मनोज शुक्ला, इमरान शाह, मांगेराम, बाबू भाई तिवारी एवं कपिल आदि ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी।

Leave a Reply