तनवीर
हरिद्वार, 13 मार्च। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने पंजाब विधानसभा चुनाव में आप पार्टी की बंपर जीत पर खुशी मनाते हुए आतिशबाजी कर फूलों और अबीर गुलाल के साथ होली खेली। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर और मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। इस दौरान आम आदमी पार्टी नेता संजय सैनी ने कहा कि होली खुशियों का त्यौहार है।
सभी को इस पर्व को हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाना चाहिए। आम आदमी पार्टी का जनाधार लगातार देश में बढ़ रहा है। दिल्ली का केजरीवाल मॉडल लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। पंजाब में आप पार्टी की बंपर जीत से सभी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। आम आदमी पार्टी लगातार लोगों के हितों के लिए कार्य करती रहेगी। हेमा भंडारी ने कहा कि होली पर्व पूरे देश में एकता व सौहार्द का संदेश देता है। पंजाब में विधानसभा जीत के साथ ही कार्यकर्ताओं में जोश भरा हुआ है। दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल की योजनाएं धरातल पर दिखाई देती हैं। पंजाब की बंपर जीत से विपक्षी दलों के होश फाख्ता हो गए हैं। जनता को गुमराह करना दोनों ही दलों के लिए काल का ग्रास बन रहा है।
आम आदमी पार्टी की रीति नीतियां जन-जन को प्रभावित कर रही हैं। आने वाले समय में आम आदमी पार्टी देश के कई राज्यों में सरकार बनाने जा रही है। सुनील सैनी एवं अनिल सती ने कहा कि होली महोत्सव बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देता है। सभी देशवासियों को मिलजुल कर होली पर्व पर समरसता का संदेश देना चाहिए। आम आदमी पार्टी सभी वर्गों के लिए समान रूप से कार्य कर रही है। पंजाब में भारी बहुमत के साथ आम आदमी पार्टी का सत्ता में आना पार्टी की कुशल नीतियों को दर्शाता है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आगामी विधानसभा चुनावों में भी आप पार्टी को बंपर जीत मिलेगी और देश की दशा और दिशा बदलेगी। इस अवसर पर एडवाकेट सचिन बेदी, हेमा भण्डारी, निर्वाण सैनी, विशाल सैनी, शिशुपाल नेगी, तनुज शर्मा, श्रवण कुमार, ओपी मिश्रा, मयंक गुप्ता, गिरी जी, मयूर उप्रेती, गीता, गायत्री देवी, अकरम, सतेंद्र, दयाराम, किरण, संजू नारंग, संजय गौतम, विशाल शर्मा, प्रमोद वर्मा, अमन कुमार आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।