देश के जाबांज सैनिक किसी भी चुनौती का सामना करने में सक्षम-स्वामी कैलाशानंद ब्रह्मचारी

Dharm
Spread the love

राकेश वालिया

शहीदों की आत्मशांति के लिए गंगा पूजन कर दी श्रद्धांजलि

हरिद्वार, 21 जून। श्री दक्षिण काली पीठाधीश्वर म.म.स्वामी कैलाशानंद ब्रह्मचारी महाराज ने कहा कि चीन के सैनिकों ने लद्दाख में भारतीय सैनिकों के साथ जो बर्बरता की है। सरकार को उसका जवाब अवश्य देना चाहिए। पूरा देश भारतीय सेना के परमवीरों के साथ खड़ा है। देश के लिए शहीद हुए भारत मां के सपूतों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाना चाहिए। चीन को उसकी कायराना हरकत के लिए सबक सिखाया जाना समय की जरूरत भी है। स्वामी कैलाशानंद ब्रह्मचारी महाराज ने कहा कि चीन द्वारा धोखे से भारतीय सैनिकों पर हमला किया गया। जिसमें देश के 20 जाबांज सैनिक शहीद हो गए।

इसको लेकर संत समाज में बेहद आक्रोश है। संत समाज को पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चीन को अवश्य सबक सिखाएंगे। पूरा देश चीन के खिलाफ एकजुट है। भारतीय सेना दुनिया की सबसे बेहतरीन सेनाओं में शामिल है। भारत के जाबांज सैनिक किसी भी चुनौती का सामना करने में सक्षम हैं। दुनिया को कोरोना वायरस जैसी बीमारी देने वाले चीन पर कभी विश्वास नहीं किया जा सकता। सरकार को चीन से होने वाले आयात पर भी पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाना चाहिए। साथ ही आम जनता को भी चीनी उत्पादों का बहिष्कार कर देश में बने उत्पादों को अपनाना चाहिए। म.म.स्वामी हरिचेतनानंद महाराज व म.म.स्वामी प्रबोधानन्द गिरी महाराज ने कहा कि चीन अपनी हरकतों से बाज आए अन्यथा जल्द ही सनातन धर्म का एक महत्वपूर्ण स्थल व देवों के देव महादेव का पवित्र स्थान कैलाश मानसरोवर भी भारत के कब्जे में होगा। उन्होंने कहा कि चीन जैसे अविश्वसनीय देश को सबक सिखाने के लिए उसका आर्थिक रूप से बहिष्कार किया जाना बेहद जरूरी है।

स्वामी कैलाशानंद ब्रह्मचारी ने कहा कि सामाजिक संगठनों, व्यापारियों आदि को भी चीन में निर्मित वस्तुओं का बहिष्कार करने के लिए लोगों को प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश दुनिया वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण से जूझ रही है। ऐसे में चीन अपनी नापाक मानसिकता का परिचय देते हुए भारतीय सीमाओं में घुसपैठ कर रहा है। ऐसे देश से सचेत रहने की आवश्यकता है। जो कि धोखे से हमारे सैनिकों को मारने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चीन देश को माकूल जवाब देना चाहिए। शहीद हुए वीर सैनिकों के सम्मान में देशवासी पीछे नहीं हैं। शहीद सैनिकों के परिवारों को पर्याप्त आर्थिक मदद देनी चाहिए।

स्वामी कैलाशानंद ब्रह्मचारी महाराज ने बताया कि सूर्य ग्रहण के चलते गंगा तट पर विशेष पूजा अर्चना कर शहीद सैनिकों की आत्मशांति के पूजा अर्चना की गयी। इस अवसर पर आरएसएस के वरिष्ठ नेता पदमसिंह, स्वामी राधाकांताचार्य महाराज, स्वामी अनुरागी महाराज, आचार्य पवनदत्त मिश्र, महंत लालबाबा, पंडित प्रमोद पाण्डे, पंडित शिवकुमार, अंकुश शुक्ला, सागर ओझा, बालमुकुंदानंद ब्रह्मचारी, पंडित शिवकुमार, शिवप्रकाश मिश्र, तनुज काठपाल, विवेक गोयल, अनूप भारद्वाज आदि मौजूद रहे।   


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *