तनवीर
हरिद्वार, 25 अप्रैल। लाॅकडाउन में सेवा कार्यो में जुटी बीइंग भगीरथ टीम ने कनखल थाना पुलिस के सहयोग से लोगों को मास्क वितरित किए। बीइंग भगीरथ फाउण्डेशन के संयोजक शिखर पालीवाल ने बताया कि कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए किए गए देशव्यापी लाॅकडाउन का पालन कराने में पुलिसकर्मी बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। पुलिसकर्मी भी समाज का अहम हिस्सा हैं। लाॅकडाउन में जहां लोग अपने घरों में सुरक्षित हैं। वहीं कोरोना के खतरे के बावजूद पुलिस अधिकारी व जवान परिवार से दूर रहकर कठिन डयूटी करते हुए लाॅकडाउन का पालन करा रहे हैं। ऐसे में सभी को पुलिस प्रशासन का सहयोग करना चाहिए।
शिखर पालीवाल ने बताया कि लाॅकडाउन को सफल बनाने के लिए गरीब, दिहाड़ी मजदूर वर्ग को भोजन उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। इसके लिए बीइंग भगीरथ की ओर से अभियान शुरू किया गया है। अभियान में टीम के सभी युवा सदस्य निरंतर सहयोग कर रहे हैं। अभियान को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए टीम के सदस्यों को क्षेत्रवार जिम्मेदारी दी गयी हैं। शहरी क्षेत्र के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी जरूरतमंदों तक प्रतिदिन दोपहर व शाम का भोजन पहुंचाया जा रहा है। अंकित शर्मा ने कहा कि इस संकट काल में जरूरतमंदों की मदद करना सभी का फर्ज है। बीइंग भगीरथ के सदस्यों का संकल्प है कि लाॅकडाउन में किसी को भी भूखा नहीं रहने दिया जाएगा। सभी सदस्य इस संकल्प का जिम्मेदारी पूर्वक निर्वाह कर रहे हैं।
अंकित शर्मा ने बताया कि रोजगार बंद होने से तमाम तरह की परेशानियों का सामना कर रहे दिहाड़ी मजूदरों की मदद के लिए अन्य संस्थाओं के माध्यम से भी भोजन पैकेट भिजवाए जा रहे हैं। थाना अध्यक्ष विकास भारद्वाज ने कहा कि परस्पर सहयोग से ही इस संकट काल से निपटा जा सकता है। लाॅकडाउन में निरंतर सेवा अभियान संचालित कर रही बीइंग भगीरथ के सदस्य प्रशंसा के पात्र हैं। दारोगा शंभु सिंह सजवाण, कांस्टेबल मुकेश सिंह रावत ने मास्क वितरण में सहयोग किया।