हरिद्वार, 28 सितम्बर। नगर निगम की चौथी बोर्ड में विपक्षी कांग्रेस पार्षदों ने पिछली बैठकों में पारित हुए विकास कार्यो के प्रस्तावों पर कोई कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए मेयर, नगर आयुक्त, नगर निगम प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस पार्षदों ने मेयर और निगम प्रशासन पर तंज कसते हुए पूछा कि क्या नगर निगम में सिर्फ प्रस्तावों की फैक्ट्री चलाने का कार्य किया जा रहा है।
प्रशासनिक निष्क्रियता और पुराने प्रस्तावों पर कोई प्रगति न होने का कड़ा विरोध करते हुए कांग्रेस पार्षद हिमांशु गुप्ता और सोहित सेठी ने प्रस्तावों की प्रतियों को आग के हवाले कर दिया। विरोध प्रदर्शन में पार्षद सुनील कुमार, विवेक भूषण, महावीर वशिष्ठ, कृतिका सिंह, सुमित त्यागी, अरशद ख्वाजा, नौमान अंसारी व अन्य पार्षद शामिल रहे। बैठक के दौरान पार्षद कृतिका सिंह ने मेयर एवं नगर आयुक्त की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि मेयर एवं नगर आयुक्त अपने स्तर से प्रस्तावों को औपचारिकता के तौर पर अग्रसारित करते हैं। इसके बाद प्रस्तावों की न तो कोई ट्रैकिंग की जाती है और न ही नगर निगम प्रशासन व अधिकारियों द्वारा उनकी कोई समीक्षा की जाती है। पार्षदों के बार-बार अवगत कराने के बावजूद अधिकारियों की लापरवाही से जनता से जुड़े विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं। कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि जब तक पुराने प्रस्तावों पर धरातल पर काम शुरू नहीं होता। तब तक नए प्रस्ताव लाने का कोई औचित्य नहीं है।


