हमारे लिए सभी धर्म समुदाय के लोग एक समान-श्रीमहंत रविन्द्रपुरी

Social
Spread the love

राकेश वालिया

मुस्लिम समुदाय के 111 परिवारों को बांटी खाद्य सामग्री

हरिद्वार, 16 अप्रैल। श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ सबका विश्वास के साथ देशवासियों को समान रूप से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी दे रहे हैं। जातपांत व धर्म से ऊपर उठकर मानव कल्याण में जुट जाएं। कोरोना वायरस जातपात व धर्म नहीं देखता है। समाजसेवा के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान दे रहे मां मंशा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष व निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने लाॅकडाउन में समस्त हरिद्वार क्षेत्र के निराश्रित परिवारों को खाद्य सामग्री के अलावा भोजन पैकेट वितरित करने का कार्य जोरो शोरो से किया जा रहा है। जनप्रतिनिधि भी उनके माध्यम से ही समाज के निचले तबके को मदद पहुंचाने में हरसंभव प्रयासों में जुटे हुए हैं।

ज्वालापुर के सील किए गए मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र के 111 परिवारों को खाद्य सामग्री पार्षद जफर अब्बासी व पुलिस के सहयोग से वितरित करने के लिए सौंपी गयी। श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि ईश्वर, अल्लाह तेरा नाम सबको सन्मति दे भगवान। संकट की इस घड़ी में देश के मुस्लिम समाज को भूखा नहीं रहने दिया जाएगा। धर्म जातपात व भेदभाव को दरकिनार करते हुए मानव सेवा में अपना योगदान देना चाहिए। श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि संकट के इस दौर में सभी को निराश्रितों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। गरीब, निर्धन परिवारों के अलावा सामान्य वर्गो के लोगों को भी लाॅकडाउन के कारण खाद्य सामग्री प्राप्त करने में कई तरह की दिक्कतें आ रही हैं। लाॅकडाउन को सफल बनाने के लिए सील किए गए वार्डों की जनता को सुचारू रूप से खाद्य सामग्री उनके घरों पर ही उपलब्ध करायी जाए तो अन्य लोगों के लिए भी बेहतर होगा।

कोरोना वायरस एक दूसरे के माध्यम से फैलने की संभावनाएं बनी रहती हैं। पुलिस प्रशासन भी भीड़भाड़ के अलावा सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर जागरूक कर रहा है। श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि जिन वार्डों को सीलबंद किया गया है। वहां की जनता का संपूर्ण ध्यान प्रशासन को रखना होगा। खाने के अलावा अन्य दिक्कतों का समाधान भी त्वरित किया जाना चाहिए। जिससे लाॅकडाउन के पालन में किसी भी प्रकार का उल्लंघन ना हो। समान रूप से सेवा के प्रकल्प लाॅकडाउन में चलाए जाने चाहिए। मां मंशा देवी की कृपा दृष्टि से निस्वार्थ सेवाभाव के उद्देश्य से ही जरूरतमंदों को खाद्य सामग्री वितरित की जा रही है।

हमारा प्रयास है कि कोरोना वायरस की चपेट में अन्य नागरिक ना आएं। स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन, सफाईकर्मी, जनप्रतिनिधि समाजसेवा का माध्यम बने हुए हैं। श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि बिना भेदभाव के सहयोग करना नितांत जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश हित में ही लाॅकडाउन को लागू करा रहे हैं। अपने घरों में रहें, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है। एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय ने कहा कि श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज गरीब, असहाय, निर्धन जरूरतमंद परिवारों की मदद करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं।

इनके द्वारा दी गयी खाद्य सामग्री को पार्षदों के माध्यम से सील वार्डों में जरूरतमंदों को लिस्ट के माध्यम से सौंप दिया जाएगा। संत महापुरूषों के योगदान की जितनी भी प्रशंसा की जाए उतना कम है। कमलेश उपाध्याय ने यह भी कहा कि पुलिस प्रशासन की ओर से भी पीड़ितों की सेवा के लिए हेल्पलाईन नंबर उपलब्ध कराए गए हैं। जिसको भी मदद चाहिए वह पुलिस प्रशासन को फोन के माध्यम से सूचनाएं प्रेषित कर रहा है। इस दौरान सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह, ज्वालापुर कोतवाल योगेश देव, मां मंशा देवी मंदिर के मुख्य ट्रस्टी प्रदीप शर्मा, अनिल शर्मा आदि उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *