हरिद्वार, 7 जुलाई। मंगलवार को हुई बारिश से मौसम खुशगवार होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। साथ ही कई जगहों पर जलभराव होने से परेशानी का सामना भी करना पड़ा। जलभराव के लिए कुख्यात हो चुके भगतसिंह चौक रेलवे पुलिया के नीचे बरसात का पानी भरने से भेल होते हुए सिडकुल, रोशनाबाद आदि जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
नगर निगम टीम ने पंप सेट लगाकर बरसाती पानी निकाला। जलभराव के चलते पुलिस ने रोशनाबाद की और जाने वाले वाहनों को पुराना रानीपुर मोड़ होते हुए भेजा। दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही के चलते दिन भर जाम जैसे हालात बने रहे। कई दिनों से भारी गर्मी और उमस झेल रहे धर्मनगरी के लोगों को मंगलवार दोपहर से करीब चार बजे तक रूक-रूक कर हुई बारिश से कुछ राहत मिली।
बरसात का पानी भरने से कई जगह पर जलभराव भी हुआ। भगत सिंह चौक पर जलभराव के अलावा बिल्केश्वर रोड़ स्थित रेल पुलिया के नीचे बरसाती पानी के साथ आयी सिल्ट से कीचड़ होने से वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को परेशानी उठानी पड़ी।


