पुलिस ने किया साइबर ठगी की रकम ठिकाने लगाने वाले गिरोह का पर्दाफाश
दो आरोपी गिरफ्तार, 1 लाख 48 हजार की नकदी बरामद
हरिद्वार, 11 जून। एसएसपी के निर्देशन में साइबर अपराधियों एवं ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली लक्सर पुलिस, सीआईयू रुड़की एवं साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी की रकम ठिकाने लगाने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एसपी ग्रामीण शेखर सुयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने साथियों को विभिन्न सीएससी सेंटर एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के क्यूआर कोड और स्कैनर कोड उपलब्ध कराते थे। साइबर ठगी के लिए विशेष रूप से तैयार एपीके फाइलों एवं अन्य ऑनलाइन माध्यमों का इस्तेमाल कर आम लोगों को निशाना बनाते थे। धोखाधड़ी से प्राप्त धनराशि सीधे सीएससी सेंटर संचालकों के बैंक खातों में ट्रांसफर कराई जाती थी। जिससे धन के वास्तविक स्रोत को छिपाया जा सके और जांच एजेंसियों को गुमराह किया जा सके।
गिरोह के सदस्य सीएससी संचालकों से नकद रकम प्राप्त कर कैश डिपोजिट मशीन के माध्यम से अपने साथियों द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक खातों में जमा कर देते थे। इस प्रक्रिया से साइबर ठगी की रकम की लेयरिंग कर उसकी वास्तविक ट्रेल को तोड़ दिया जाता था। आरोपी ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर भोले-भाले लोगों को भावनात्मक कहानियां सुनाकर अपने जाल में फंसाते थे और उनसे नकद धनराशि प्राप्त कर लेते थे। एसपी ग्रामीण ने बताया कि 10 जून को ग्राम दाबकी कला निवासी मनीष कुमार एवं सुशील कुमार ने कोतवाली लक्सर में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ व्यक्तियों ने वाहन चालान और कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का बहाना बनाकर उनसे 91,000 और 80,000 नकद लिए तथा उनके खातों में संदिग्ध माध्यम से धनराशि जमा कराई।
बाद में बैंक खाते फ्रीज होने पर उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ। शिकायत के आधार पर मुकद्मा दर्ज करने के बाद जांच पड़ताल में जुटी पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों एवं एसओजी व सीआईयू की सहायता से संदिग्धों की पहचान करते हुए आरोपियों द्वारा उपयोग किए गए मोबाइल फोन की व्हाट्सएप चैट से विभिन्न व्यक्तियों के क्यूआर स्कैनर एवं स्क्रीनशॉट बरामद किए।
जिनका मिलान वादियों द्वारा उपलब्ध कराई गई सीसीटीवी फुटेज से करने के बाद घटना में शामिल दो आरोपियों अंकित चौहान पुत्र मुल्तान सिंह व विशाल चौहान पुत्र पवन सिंह निवासी ग्राम शाहपुर थाना बेहट, जिला सहारनपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो दोनों ने अपना अपराध स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से 1,48,000 नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया गया है। नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी, एसएसआई नितिन चौहान, एसआई राजीव उनियाल, कांस्टेबल पंचम, रियाज तथा सीआईयू प्रभारी रविन्द्र शाह, एएसआई अश्विन, साइबर सेल रूड़की के कांस्टेबल ओसाब शामिल रहे।


