तनवीर
पैसों के लाचल में नशेड़ियों ने पत्थर से कुचलकर कर दी थी हत्या
पुलिस ने खुद वादी बनकर कराया था हत्या का मुकद्मा दर्ज
हरिद्वार, 17 अप्रैल। राजाजी नेशनल पार्क क्षेत्र में हुई अज्ञात व्यक्ति की हत्या का खुलासा करते हुए नगर कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी नशे के आदी हैं और पैसों के लालच में पत्थर से कुचलकर व्यक्ति की हत्या कर दी थी। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पायी है। पुलिस ने स्वयं वादी बनकर हत्या का मुकद्मा दर्ज किया था। मायापुर स्थित एसपी सिटी कार्यालय में पत्रकारवार्ता के दौरान जानकारी देहुए एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि 14 अप्रैल को राजाजी नेशनल पार्क में एक अज्ञात व्यक्ति के लहलुहान अवस्था में पड़ा होने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के बारे में कोई जानकारी न होने के कारण पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्यवाही करते हुए खुद वादी बन कर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया और नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच पड़ताल में जुटी पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास स्थित गंगा घाटों, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन व पार्किंग में मौजूद लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई तथा मृतक की पहचान व कातिल की तलाश के लिए इलैक्ट्रॉनिक/डिजिटल सर्विलांस का सहारा लिया। सामने आए सबूतों से हत्यारों के मोबाइल नहीं चलाने और नशेड़ी होने की जानकारी सामने आयी।
एसएसपी ने बताया कि जांच पड़ताल में जुटी पुलिस टीम शुक्रवार को गश्त करते हुए हिल बाईपास पर सूखी नदी पर बने फ्लाईओवर पर पहुंची तो सडक के मोड के किनारे बने पैराफिट पर 2 संदिग्ध बैठे दिखाई दिए। शक होने पर उन्हें आवाज दी गई तो पुलिस को देख दोनों हिलबाईपास रोड़ की तरफ भागने लगे। लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दोनों को दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम मनोज कुमार उर्फ चिकना पुत्र रामगणेश निवासी ग्राम बनाममई थाना वेदपुरा जिला इटावा उ.प्र. व रोहित कुमार पुत्र अलकदेव निवासी गांव सरण थाना पड़ाक जिला पटना बिहार बताए।
सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने बताया कि वे नशे आदी है और कुछ महीने पहले दोस्त बने थे। 13 अप्रैल की रात ज्यादा शराब पीने के कारण दोनों ने पहले तो नशे में उल्टी की और बिना खाए ही हरकी पैड़ी के सामने वाले घाट पर सो गए। सवेरे दोनों काम की तलाश में घूमते हुए मोतीचूर तिराहे की तरफ गए। जहां उन्होंने गांजा पिया और फिर तिराहे के पास बीड़ी पी रहे बाबा से बीड़ी मांगी। जब बाबा जेब से बीड़ी का बंडल निकाल रहा था तो उसके पास काफी पैसे देखकर उन्होंने उससे पैसे मांगे। लेकिन बाबा ने पैसे देने से मना करते हुए गाली देकर दोनों को भगा दिया और मोतीचूर रेलवे स्टेशन की तरफ जाने लगा। लालच में दोनों उसके पीछे लग गए और सूखी नदी के अंदर से जंगल की और जाने वाले रास्ते पर धक्का देकर बाबा को गिरा दिया और पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या करने के बाद जेब से पैसे निकालकर फरार हो गए। एसएसपी ने बताया कि मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।


