उत्तराखण्ड में पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगा रालोद-राममेहर गुर्जर

Haridwar News
Spread the love

राहत अंसारी


हरिद्वार, 1 दिसम्बर। राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश प्रभारी राममेहर गुर्जर ने कहा कि उत्तराखण्ड में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं। पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से विस्तृत चर्चा के बाद तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। सरकार में भागीदारी मिलने पर पार्टी की नीतियों को लागू कराया जाएगा।

प्रैस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए राममेहर गुर्जर ने कहा कि स्वामी नाथन आयोग रिपोर्ट लागू कराना, सरकारी कर्मचारियों के वेतन में होने वाली बढ़ोतरी की तर्ज पर किसानों को फसल पर एरियर तथा युवाओं को रोजगार दिलाना तथा भ्रष्टाचार पर लगाम चुनाव में पार्टी के मुख्य मुद्दे होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में भ्रष्टचार बढ़ा है। भाजपा सरकार की नीतियों से किसान, मजदूर, छोटे मझोले व्यापारी, युवा सभी परेशान हैं।

महंगाई बेहताशा बढ़ी है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लगते उत्तराखण्ड के जिलों में आरएलडी का बड़ा जनाधार है। पार्टी नेताओं से चर्चा और विचार विमर्श के बाद सीटों को चिन्हित कर प्रत्याशियों को मजबूती से चुनाव लड़ाया जाएगा। उत्तर प्रदेश की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रालोद का जनाधार और मजबूत हुआ है। यूपी विधानसभा चुनाव रालोद शानदार प्रदर्शन करेगा।

प्रदेश अध्यक्ष रतनलाल लखेड़ा ने कहा कि चुनाव के लिए तैयारियां की जा रही हैं। संगठन को चुस्त दुरूस्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के देहरादून, हरिद्वार व उधमसिंह नगर जिलों पर पार्टी विशेष रूप से फोकस कर रही है। पर्वतीय जिलो में भी संगठन का विस्तार किया जा रहा है। पूरी तैयारियों के साथ आरएलडी प्रत्याशियों को चुनाव लड़ाया जाएगा। प्रदेश उपाध्यक्ष देवपाल सिंह राठी ने कहा कि नेतृत्व के दिशा निर्देशों के अनुसार कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों का प्रचार प्रसार कर रहे हैं।

सभी वर्गो के लोगों का समर्थन रालोद को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के तीन कृषि कानून वापस लेना किसानों के एकजुट संघर्ष की बदौलत संभव हुआ है। प्रैसवार्ता के दौरान मोरध्वज, हरपाल बालियान, अमित चैधरी, मुकेश धीमान आदि सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *