शिव विहार कालोनी की सड़कों की हालत खराब-सुनील अरोड़ा

Haridwar News Uttarakhand
Spread the love

हरिद्वार, 15 मार्च। शिव विहार कालोनी में सड़कों की हालत खराब होने से क्षेत्र निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सुनील अरोड़ा ने कहा कि तीन महीने से शिव विहार कालोनी की सड़कें खुदी हुई हैं। सीवर पाईप लाईन व अन्य निर्माण कार्यो के लिए सड़कों पर जगह जगह गड्ढे खोद कर छोड़ दिए गए हैं। बारिश के कारण कीचड़ सड़कों पर फैला हुआ है। सफाई व्यवस्था ठीक नहीं होने से पूरी कालोनी में गंदगी के अंबार लगे हुए हैं। कूड़ा भी समय नहीं उठाया जा रहा है। सड़कों पर वाहन चालकों को गुजरना भी मुश्किलों भरा हो रहा है। सुनील अरोड़ा ने कहा कि उपनगरी ज्वालापुर की विभिन्न सड़कों को निर्माण कार्यो के कारण खोदा गया है।

शिव विहार कालोनी में खुदी सड़क

निर्माण सामग्री सड़कों पर फैली हुई है। निर्माण कार्यो में तेजी नहीं आने के कारण क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन सड़कों पर दुघर्टनाएं हो रही हैं। शिव विहार कालोनी के लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। जनप्रतिनिधि हो रहे निर्माण कार्यो की कोई सुध नहीं ले रहे हैं। जिससे कालोनी के लोगों में रोष बना हुआ है। सुनील अरोड़ा ने निर्माण कार्यो में तेजी लाने की मांग की और कहा कि राज्य की त्रिवेंद्र सरकार जनता की समस्याओं के प्रति उदासीन बनी हुई है। स्थानीय सांसद व विधायक भी सिर्फ बैठकों तक सीमित हैं। कुंभ निर्माण कार्यो का भी हाल खराब है।

निर्माण पूरा नहीं होने से हाईवे से लेकर शहर की अंदरूनी सड़कों की हालत बेहद खराब है। आए दिन खुदी सड़कों के कारण सड़कों पर वाहनों का जाम लगा रहता है। निर्माण कार्यो को लेकर शासन प्रशासन सजगता नहीं बरत रहा है। हो रहे निर्माण कार्यो की गुणवत्ता भी नहीं जांची जा रही है। लीपापोती का खेल जारी है। ठेकेदार विभागीय कार्यो में घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग कर रहे हैं। पैसे का खुला दुरूपयोग किया जा रहा है। सुनील अरोड़ा ने कहा कि हो रहे निर्माण कार्यो की गुणवत्ता व जांच मौके पर ही की जानी चाहिए। जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर अधिकारियों को संज्ञान लेने की आवश्यकता है। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *