नशे में धुत दामाद ने की सास की हत्या

Crime
Spread the love

तनवीर

हरिद्वार, 13 फरवरी। नशे में धुत दामाद ने सास की गला दबाकर हत्या कर दी। नशा उतरने के बाद उसने खुद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दामाद को गिरफ्तार कर लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया। मामला सिडकुल थाना क्षेत्र की महादेवपुरम कालोनी का है। पिछले कई वर्षो से सिडकुल में मजदूरी करके जीवन यापन करने वाली 50 वर्षीया बसंती देवी महादेवपुरम कालोनी में किराए के मकान में रहती थी। उसके घर से कुछ ही दूरी पर उसका दामाद सुरेंद्र भी परिवार के साथ रहता है।

कुछ समय से बसंती देवी व सुरेंद्र के बीच अनबन चल रही थी। आरोप है कि रविवार रात सुरेंद्र ने जमकर शराब पी। सोमवार को नशे में धुत सुरेंद्र अपनी सास बसंती के घर पहुंचा और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद नशे की हालत में वह मौके पर ही बैठा रहा। नशा उतरने पर उसने ससुराल वालों और पुलिस को हत्या करने की जानकारी दी।

मौके पर पहुंची सिडकुल पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ कर हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।