कमल खडका
हरिद्वार, 29 जून। उत्तरांचल पंजाबी महासभा के प्रदेश महामंत्री सुनील अरोड़ा ने राज्य सरकार व जिला अधिकारी से मांग की है कि सावन माह शुरू होने वाला है। मंदिरों में स्थानीय श्रद्धालुओं की भीड़ जुटेगी। शिवालयों में श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम अभी से किए जाने चाहिए। सावन माह में धर्मनगरी के लोग दक्षेश्वर महादेव मंदिर, बिल्केश्वर महादेव मंदिर, नीलेश्वर महादेव आदि पौराणिक शिवालियों में जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। प्रशासन को सभी प्रमुख मंदिरों में सोशल डिस्टेंसिंग व भीड़ ना जुटे इसको लेकर कार्य योजनाएं बनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मंदिर में दूर से ही जलाभिषेक करने के लिए जलहरी बनायी जाएं। जिससे कि लोग दूरी का पालन करते हुए जलाभिषेक कर सकें। सुनील अरोड़ा ने कहा कि सावन में शिवालयों में अवश्य जुटनी है।
धर्मनगरी के सभी प्रमुख शिवालयों में सेनेटाईजिंग व्यापक इंतजाम किए जाने चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि अभी से प्रशासन को जागरूकता अभियान चलाए जाने की आवश्यकता है। जिससे सावन के दौरान किसी भी प्रकार का विवाद उत्पन्न ना हो। मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए समयावधि भी निर्धारित की जानी चाहिए। मंदिर में रूकने का समय निर्धारित होगा तो किसी भी प्रकार की दिक्कतें उत्पन्न नहीं होगी।
उन्होंने यह भी आशंका जतायी कि विभिन्न राज्यों से आने वाले शिवभक्त कांवड़िएं धर्मनगरी में प्रवेश करने के लिए तरह तरह के उपाय भी करेंगे। ऐसे में प्रशासन को सचेत रहना चाहिए। राज्य सरकार द्वारा कांवड़ मेले को स्थगित कर दिया गया है। लेकिन भगवान शिव के भक्त सावन माह में शिवालयों में पूजा अर्चना व जलाभिषेक करने के लिए आतुर रहते हैं। प्रशासन को अभी से कोरोना संक्रमण ना फैले इसके लिए उपाय करने चाहिए।