भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की रैली में हनुमान की वेशभूषा में नृत्य कराए जाने को अपमानजनक बताते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की जनता से माफी मांगने की मांग

Haridwar News
Spread the love

तनवीर
हरिद्वार, 7 जुलाई। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के लखनऊ में रोड़ शो में भगवान हनुमान की वेशभूषा में एक व्यक्ति से नृत्य कराए जाने को ईष्ट देवताओं का अपमानजनक बताते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा से देश की जनता से माफी मांगने की मांग की है। सोमवार को ऋषिकुल कार्यालय पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि ईष्ट देवताओं की वेशभूषा धारण कराकर राजनीति में इस्तेमाल किया जाना गलत है।

लेकिन प्रभु राम, सनातन, गौ, गंगा और गीता के नाम पर वोट मांगने वाली भाजपा को केवल सत्ता प्राप्त करनी है। हिंदुओं की भावनाओं के सम्मान से उसे कोई लेना देना नहीं है। आलोक शर्मा ने कहा कि भगवान राम के मंदिर में चंदा चोरी जैसी घटनाओं पर भी भाजपा के नेता चुप्पी साधे हुए हैं। निश्चित रूप से जनता इनको सबक सिखाने का काम करेगी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी और मनोज सैनी ने कहा कि धर्म की मर्यादा के विपरीत काम करना और राजनीति में आस्था का सहारा लेना गलत है।

उन्होंने मांग की कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सिन्हा को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। युवा नेता विकास चंद्रा एवं समर्थ अगवाल ने कहा कि अफसोसजनक बात यह है कि हनुमान जी की वेशभूषा में रैली में नृत्य कर रहे व्यक्ति के हाथ में भाजपा का झंडा भी था। बैठक में समर्थ अग्रवाल, मनोज जाटव, मुकुल देव, राजवीर, रूपेश कुमार, अमित, गिरवर, वीरेंद्र, विकास चंद्रा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply