हरिद्वार, 13 अक्टूबर। कनखल कोतवाली पुलिस व एसटीएफ ने फरार चल रहे ज्ञानलोक कालोनी स्थित श्रद्धा भक्ति आश्रम के महंत राम गोविंददास की हत्या के आरोपी 50 हजार के ईनामी को गिरफ्तार कर लिया है। वर्ष 2024 में कनखल पुलिस ने लापता चल रहे महंत गोविंददास की हत्या का खुलासा करते हुए चार आरोपियों योगी रामगोपाल नाथ, अशोक कुमार, ललित, संजीब को गिरफ्तार जेल भेज दिया था। जबकि दो अन्य आरोपी सौरब व प्रदीप फरार हो गए थे।
लगातार फरार चल रहे दोनों आरोपियों पर पुलिस ने 50-50 हजार रूपए का ईनाम घोषित किया था। आरोपियों ने आश्रम को कब्जाने के लिए महंत राम गोविंददास को नशीला इंजेक्शन लगाकर बेहोश करने के बाद गला घोटकर उनकी हत्या कर दी थी और शव गंगा में फेंक दिया था। आरोपियों ने शहर के बीच स्थित आश्रम को बेचने के लिए 10 करोड़ रूपए में सौदा तय करने के साथ महंत राम गोविंददास के फर्जी वसीयतनाम भी तैयार कर लिया था।
हत्या करने के बाद आरोपियों ने धोखाधड़ी कर उनके खाते से लाखों रूपए भी निकाल लिए थे। सौरब व प्रदीप की तलाश में जुटी पुलिस व एसटीएफ टीम ने सोमवार को प्रदीप पुत्र बृजपाल सिंह निवासी ग्राम ऊदपुर थाना झिंझाना शामली यूपी को गिरफ्तार कर लिया। सौरब की पुलिस तलाश कर रही है।




