श्रीमहंत राज गिरी की दावेदारी के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल हुई तेज
हरिद्वार, 26 नवम्बर। श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी के श्रीमहंत राज गिरी महाराज ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को आवेदन देकर हरिद्वार नगर सीट से टिकट की दावेदारी पेश की है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज के शिष्य श्रीमहंत राज गिरी महाराज ने बुधवार को राजधानी देहरादून पहुंचकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से मुलाकात कर हरिद्वार नगर सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त करते हुए उन्हें अपना आवेदन सौंपा।
श्रीमहंत राजगिरी महाराज ने कहा कि संत समाज परंपरागत रूप से भाजपा का समर्थक है। हिंदू समाज को भाजपा के पक्ष में गोलबंद करने में भी संत समाज महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार नगर सीट पर भारी संख्या में संत मतदाता हैं। ऐसे में पार्टी को उन्हें अवसर देना चाहिए। यदि पार्टी ने मौका दिया तो भारी बहुमत के साथ जीत दर्ज करेंगे। श्रीमहंत राजगिरी महाराज निरंजनी अखाड़े के प्रमुख संतों में शामिल हैं।
श्रीमहंत राजगिरी श्रवणनाथ मठ के सचिव, ऋषिकेश स्थित प्राचीन वीरभद्र महादेव मंदिर और वीरपुर मठ के अध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण दायित्व संभाल रहे हैं। हरिद्वार नगर सीट से उनकी दावेदारी सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गयी हैं। श्रीमहंत राज गिरी की भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से वार्ता होने की भी चर्चा है। संत समाज द्वारा भी उनकी दावेदारी का स्वागत किया जा रहा है।




