हरिद्वार, 12 अक्टूबर। राजलोक कालोनी एवं आसपास के क्षेत्र में कई घंटों तक पेयजल आपूर्ति ठप्प रहने के कारण स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पडा।़ शहर व्यापार मंडल ज्वालापुर एवं राजलोक कालोनी के अध्यक्ष विपिन गुप्ता ने कहा कि घरों में नवरात्र के व्रत एवं धार्मिक अनुष्ठान चल रहे हैं। ऐसे समय में पानी की आपूर्ति बाधित होना लोगों के लिए अत्यंत कष्टदायक है।
जल संस्थान से संपर्क करने पर केवल इतना बताया गया कि पैनल फूंक जाने के कारण पेजयल आपूर्ति बाधित हुई है। अधिशासी अभियंता सहित संबंधित अधिकारियों से बार-बार संपर्क करने के बाद भी आपूर्ति सुचारू करने के संबंध कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अधिकारी एक-दूसरे के पास जिम्मेदारी भेजने के बजाय तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कराकर पानी की आपूर्ति शुरू करें और जनता को स्पष्ट जानकारी दें कि स्थायी समाधान कब तक होगा।
विपिन गुप्ता ने कहा कि सरकार और प्रशासन को यह समझना होगा कि पानी कोई सुविधा नहीं, बल्कि जीवन की मूलभूत आवश्यकता है। आम जनता पहले से ही अनेक समस्याओं से जूझ रही है। ऐसे में घंटों तक पानी की आपूर्ति बाधित रहना और अधिकारियों द्वारा संतोषजनक जवाब न देना गंभीर प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।




