तनवीर
हरिद्वार, 15 मई। महादलित परिसंघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश बादल ने संजय पारचा को संगठन का जिला अध्यक्ष मनोनीत किया है। जिला अध्यक्ष मनोनीत होने पर कार्यकर्ताओं ने संजय पारचा का स्वागत किया। इस दौरान जिला कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। राजेश बादल ने कहा कि बाबा साहेब डा.भीमराव अम्बेडकर के विचारों के प्रति निष्ठा, दलितों के अधिकारों के प्रति संघर्ष भाव तथा संगठन के प्रति निष्ठा को देखते हुए संजय पारचा को जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
उन्होंने संजय पारचा को बधाई देते हुए कहा कि अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ें तथा अधिकारों के प्रति दलित समाज को जागरूक करें। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कैबिनेट की बैठक में सफाईकर्मी, पुलिसकर्मी, मेडिकल स्टाफ आदि के साथ मारपिटाई की घटनाओं को पूर्ण रूप से रोक लगाने के लिए प्रभावी कानून पारित किया गया है। मारपिटाई की घटनाओं को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। आदेश पारित होने के पश्चात ऐसी घटनाओं पर रोक लगेगी। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार का आभार भी प्रकट किया। संजय पारचा ने प्रदेश अध्यक्ष राजेश बादल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी हैं। उसका निष्ठापूर्वक निर्वहन किया जाएगा।
दलित समाज में बाबा साहेब डा.अंबेडकर की विचारधारा का प्रचार प्रसार करते हुए अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। जिला पदाधिकारियों की घोषणा करते हुए संजय पारचा ने कहा कि संजय कुमार जिला सचिव, सुनील कुमार जिला उपाध्यक्ष तथा अवनीश कुमार को कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गयी है। कहा कि शेष पदों पर पर भी जल्द ही पदाधिकारियों की घोषणा की जाएगी। कार्यकारिणी में युवाओं को अधिक से अधिक प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।