कमल खडका
हरिद्वार, 17 जुलाई। शीतल पर्यावरण जनजागृति समिति ने हरेला के उपलक्ष्य में भूपतवाला पावन धाम श्री कमलदास कुटिया के सामने महंत ओम प्रकाश शास्त्री के नेतृत्व में पौधारोपण किया। इस अवसर पर महंत ओमप्रकाश शास्त्री ने कहा कि हरिद्वार संतों की नगरी है। पर्यावरण को संरक्षित करने में सनातन धर्म का हमेशा योगदान रहा है। धर्मनगरी के संत श्रद्धालुओं को सदैव पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करते रहे हैं। जितने ज्यादा पेड़ पौधे लगेंगे उतना पर्यावरण शुद्ध होगा तो कोरोना जैसी अन्य कोई बीमारी नहीं होगी।
पर्यावरण बिगड़ने के कारण वातावरण बहुत दूषित हो चुका है। प्रदूषण इतना बढ़ गया है कि शुद्ध हवा मिलना नामुमकिन सा हो गया है। पर्यावरण की शुद्धता के लिए पौधारोपण बेहद जरूरी है। समिति की संयोजिका रेखा वाल्मीकि ने कहा कि पर्यावरण बिगड़ने के कारण मानव जाति के साथ पृथ्वी भी संकट में है। पर्यावरण असंतुलन की वजह से कोरोना महामारी के अलावा सूखे व जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। पर्यावरण में पैदा हुए असंतुलन को पेड़ पौधे लगाकर ही संतुलित किया जा सकता है। इसलिए सभी को एक एक पेड़ लगाने व उनके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। समिति की अध्यक्ष शीतल चंचल ने कहा कि स्वच्छ हवा तथा पानी मानव जीवन के लिए बेहद जरूरी है।
हवा व पानी को स्वच्छ रखने के लिए पर्यावरण का शुद्ध होना बेहद जरूरी है। इसलिए सभी को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। इस दौरान समाजसेवी राजीव गिरी, आकाश चंचल, सतपाल महाराज, विकास, प्रियंका, विनीत, पुष्पा अनुरागी, ओम चंचल, रोहित गिरी सम्राट आदि उपस्थित रहे।