पुलिस ने बरामद किया महिला का खोया हुआ बैग, बैग में महिला ने बेटी की शादी के लिए रखे थे 2 लाख 16 हजार रूपए

Crime
Spread the love

तनवीर


हरिद्वार, 5 फरवरी। हरियाणा से बेटी की शादी करने हरिद्वार आयी महिला का ई रिक्शा में छूटा पैसों से भरा बैग पुलिस ने ढंूढकर वापस लौटा दिया। 3 फरवरी को बड़ा बाजार रोहतक हरियाणा निवासी महिला शीतल पत्नी स्व.सुरेंद्र बेटी की शादी के लिए हरिद्वार आयी थी। शादी रानीपुर मोड़ स्थित होटल मधुबन में होनी थी। महिला बस अड्डे से होटल मधुबन जाने के लिए ई रिक्शा में सवार हुई। रानीपुर मोड़ पर रिक्शा से उतरते समय महिला का बैग रिक्शा में ही छूट गया। जब महिला को इसका पता चला तो उसने ज्वालापुर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।

महिला ने पुलिस को बताया कि बैग में बेटी की शादी के लिए 2 लाख 16 हजार रूपए रखे थे। पुलिस ने महिला से ई रिक्शा और चालक के संबंध में जानकारी की तो वह कोई जानकारी नहीं दे पायी। सूचना पर कोतवाली प्रभारी कुंदर सिंह राणा ने एसएसआई खेमेंद्र गंगवार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर बैग तलाश करने के निर्देश दिए। पुलिस टीम के लिए घनी आबादी वाले क्षेत्र ज्वालापुर में हजारों ई रिक्शा के बीच रिक्शा के नंबर व चालक की पहचान के बिना अज्ञात ई-रिक्शा की तलाश करना किसी चुनौती से कम नही था।

लेकिन पुलिस टीम में शामिल कांस्टेबल नवीन क्षेत्री, संदीप कुमार व महिला कांस्टेबल रीता रावत ने प्रयास करते हुए सीसीटीवी कैमरे की मदद से बृहष्पतिवार को ई-रिक्शा तलाश कर चालक के पास से महिला का बैग बरामद कर लिया। ई-रिक्शा चालक ने बताया वह स्वयं भी महिला को तलाश रहा था ताकि उसका खोया हुआ बैग लौटा सके। पुलिस टीम ने बरामद बैग को महिला के सामने खोला तो बैग में 2 लाख 16 हजार रुपये नगद मिले। जिसके बारे में महिला ने बताया कि उसने 2 लाख रुपये बेटी की शादी और बाकी 16 हजार रुपये अपने खर्चे के लिए रखे थे। बैग व पैसे वापस मिलने पर महिला ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *