हरिद्वार, 13 नवम्बर। ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए रानीपुर कोतवाली पुलिस ने लोन क्लोजर की रकम लेकर फरार हुए आरोपी को हरियाणा के कुरूक्षेत्र गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जुलाई से फरार चल रहा था। बीती 23 जुलाई को जगजीतपुर निवासी आशीष गोयल ने रानीपुर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड शिवालिक नगर लोन लिया था। लोन के क्लोजर के लिए जमा कराए गए 1,44,300 रूपए कंपनी के तत्कालीन लोन अधिकारी/फील्ड ऑफिसर मिंटू कुमार गुज्जर सहित अन्य लोगों द्वारा हड़प लिए और कंपनी की शाखा में जमा नहीं कराए गए।
तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकद्मा दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए सुरागरसी करते हुए मुख्य आरोपी मिंटू कुमार पुत्र कंवर सिंह निवासी ग्राम नयागांव थाना नकुड़ जनपद सहारनपुर उत्तर प्रदेश की लोकेशन ट्रेस कर उसे पीपली कुरुक्षेत्र हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड की शिवालिक नगर शाखा में लोन अधिकारी/फील्ड ऑफिसर के पद पर कार्यरत था।
उसने आशीष गोयल से लिए लोन क्लोजर के 1,44,300 कंपनी की शाखा में जमा करने के बजाय स्वयं रख लिए और बाद में शाखा छोड़कर चला गया। रूपए उसने खर्च कर दिए हैं। पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी, गैस प्लांट चौकी प्रभारी एसआई अशोक सिरसवाल, कांस्टेबल अजय कुमार, कुलदीप शामिल रहे।




