जनपद के लिए निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध एवं त्वरित गति से पूरा करने के दिए निर्देश
16 से 30 नवम्बर तक संचालित होगी स्वगणना की प्रक्रिया, 30 हजार से अधिक नागरिकों की सहभागिता का लक्ष्य
आपके 40 उत्तर, जनगणना को बनाएंगे आसान और तेज
हरिद्वार, 13 नवम्बर। जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियों एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित चार्ज अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जनगणना से संबंधित सभी तैयारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने तथा जनपद के लिए निर्धारित लक्ष्यों को त्वरित गति से हासिल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए इसे सफल बनाना सुनिश्चित करें।
बैठक में जनगणना के दूसरे चरण के अंतर्गत संचालित होने वाली स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित स्वगणना की सुविधा के माध्यम से जनपद के लगभग 9,000 नागरिकों ने स्वयं अपनी जानकारी दर्ज की थी। अब जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां प्रगति पर हैं। इसके अंतर्गत प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।
दूसरे चरण में 16 नवम्बर से 30 नवम्बर तक चलने वाली स्वगणना प्रक्रिया में नागरिकों से कुल 40 प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए जाएंगे। स्वगणना के दौरान पूछे जाने वाले यही 40 प्रश्न बाद में प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनगणना के दौरान भी पूछे जाएंगे। इससे प्रगणकों को घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करने में लगने वाले समय की बचत होगी। प्रगणक स्वगणना करने वाले परिवारों द्वारा दी गयी जानकारी का सत्यापन एवं पुष्टि करेंगे। इससे जनगणना की प्रक्रिया अधिक सरल, व्यवस्थित एवं समयबद्ध बनाने में सहायता मिलेगी। दूसरे चरण में 30,000 से अधिक नागरिकों द्वारा स्वगणना किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। इसके तहत कलेक्ट्रेट परिसर, शासकीय कार्यालयों, पुलिस थानों, तहसीलों, चिकित्सालयों, बस अड्डों एवं रेलवे स्टेशनों पर होर्डिंग एवं बैनर लगाए जाएंगे। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जनगणना के संबंध में प्रभात फेरियों एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल, व्हाट्सएप ब्रॉडकास्ट चैनलों एवं अन्य डिजिटल माध्यमों से प्रचार संदेश, वीडियो अपील तथा जागरूकता सामग्री प्रसारित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त नगर निगम के ठोस अपशिष्ट संग्रहण वाहनों एवं अन्य नागरिक उपयोगिता वाहनों के माध्यम से लाउडस्पीकर द्वारा नागरिकों को स्वगणना के लिए प्रेरित किया जाएगा। सिनेमा हॉल में फिल्म प्रदर्शन से पूर्व जनगणना से संबंधित जागरूकता स्लाइड्स भी प्रदर्शित की जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों तक इसकी जानकारी पहुंचाई जा सके। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की कि वे 16 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 के मध्य स्वगणना अवश्य करें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं पड़ोसियों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जन-जागरूकता गतिविधियों में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डा.ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, डीपीआरओ अतुल प्रताप सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) अभिषेक शुक्ला, तहसीलदार सचिन कुमार, उप नगर आयुक्त रुड़की अमरजीत कौर, खंड विकास अधिकारी नारसन पवन सिंह सैनी, खानपुर आलोक गार्गेय, रुड़की सुमन कोठियाल सहित वर्चुअल माध्यम से भी अधिकारी बैठक से जुड़े रहे एवं नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।




