तनवीर
मोबाइल छीनने का विरोध करने पर आरोपियों ने गला दबाकर कर दी थी हत्या
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की पुलिस कर रही तलाश
हरिद्वार, 7 फरवरी। दिव्यांग ई रिक्शा चालक की हत्या का खुलासा करते हुए कोतवाली रानीपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है। आरोपियों ने मोबाइल छीनने का विरोध करने पर गला दबाकर हत्या कर दी थी। 4 फरवरी को विष्णुलोक निवासी रामआसरे ने पुलिस को तहरीर देकर 1 फरवरी से लापता ई रिक्शा चालक दिव्यांग बेटे मनीष की गुमशुदगी दर्ज करायी थी।
गुमशुदगी दर्ज करने के बाद पुलिस टीम की जांच पड़ताल में सामने आया कि बैरियर नं.5 के पास मौहल्ला पांवधोई निवासी अयान उर्फ सुन्नत ने काल करने के बहाने उसका मोबाइल फोन लेकर भाग गया था। इसके बाद 6 फरवरी को पुलिस टीम ने भेल स्टेडियम के पास से अयान उर्फ सुन्नत को दबोचकर उसके कब्जे से गुमशुदा मनीष का मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में अयान उर्फ सुन्नत पुत्र मेहराज निवासी कुत्तीमार गली ईदगाह रोड़ मोहल्ला पांवधोई ज्वालापुर ने बताया कि कुछ दिन पहले बिष्णुलोक कालोनी जाने वाले कच्चे रास्ते के पास उसने मनीष से कॉल करने के बहाने मोबाइल मांगा और अंधेरे का फ़ायदा उठा कर भाग गया और स्विच ऑफ़ कर सिम तोड़ दिया।
जब मनीष ने अयान उर्फ सुन्नत के घर जाकर शिकायत की और पुलिस में जाने की धमकी दी, तो अयान ने हाल ही जेल से छूटकर आए अपने साथी बिलाल के साथ मिलकर साजिश रची और मनीष को शराब पीने के बहाने बीएचईएल के पास झाड़ियों में बुलाया। जहां विवाद होने पर बिलाल ने मनीष को पकड़ा और अयान ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने शव को प्लास्टिक के कट्टे में भरकर सुपरवाइजर हॉस्टल के पास झाड़ियों में फेंक दिया और ई-रिक्शा लावारिस छोड़कर फरार हो गए। पूछताछ के बाद अयान उर्फ सुन्नत की निशानदेही पर पुलिस ने सुपरवाईजर हॉस्टल के पास से मनीष का शव बरामद कर लिया। गुमशुदगी को हत्या के मुकद्मे में तरमीम करते हुए पुलिस ने अयान को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही पुलिस दूसर आरोपी बिलाल की तलाश में जुट गयी है। पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी आशुतोष राणा, एसएसआई नितिन चौहान, गैस प्लांट चौकी प्रभारी एसआई विकास रावत, एसआई मंदीप सिंह, कांस्टेबल दीप गौड़, सुमन डोभाल, रविन्द्र बिष्ट, अजीतराज शामिल रहे।


