बहादराबाद कोतवाली पुलिस ने किया एटीएम फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश

Uncategorized
Spread the love


दो आरोपित गिरफ्तार, अलग-अलग बैंकों के 17 एटीएम कार्ड बरामद
बुजुर्गो, महिलाओं व कम पढ़े लिखे लोगों को बनाते थे निशाना

हरिद्वार, 9 मई। कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने एटीएम फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 2 शातिरों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 17 संदिग्ध एटीएम कार्ड व बाइक बरामद की गयी है। आरोपी एटीएम बूथ के आसपास रेकी कर बुजुर्गो, महिलाओं व कम पढ़े लिखे लोगों को निशाना बनाते थे। एटीएम फ्रॉड की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत एसआई हेमदत्त भारद्वाज पुलिस टीम के साथ पीपल चौक स्थित एसबीआई के एटीएम बूथ के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे।

इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट की काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर बाइक मोड़कर पुराना पथरी पावर हाउस की ओर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों का पीछा किया। भागने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिसके बाद दोनों युवक झाड़ियों की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आवश्यक बल प्रयोग करते हुए दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।

पूछताछ में बाइक चला रहे युवक ने अपना नाम शिवा उर्फ शिव पुत्र राजेश निवासी फेरुपुर महाराणा प्रताप कालोनी थाना पथरी बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से मोबाइल फोन, 200 रूपए, पर्स तथा अलग-अलग बैंकों के 10 एटीएम कार्ड बरामद हुए। दूसरे युवक ने अपना नाम मधुसूदन उर्फ मनोज पुत्र चरण सिंह निवासी गढ़मीरपुर थाना रानीपुर बताया। उसकी तलाशी में मोबाइल फोन, 700 रूपए, पर्स तथा 7 एडीएम कार्ड बरामद हुए। बरामद एटीएम कार्ड के संबंध में पूछने पर दोनों कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने बताया किया कि वे पहले भी एटीएम बदलकर ठगी करने के मामलों में जेल जा चुके हैं।

आरोपियों ने बताया कि दोनों शिकार की तलाश में एटीएम बूथ के पास घूम रहे थे और बुजुर्ग, महिला एवं कम पढ़े-लिखे लोगों की मदद करने के बहाने उनका एटीम कार्ड बदल कर खातों से पैसे निकाल लेते थे। पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह, एसआई हेमदत्त भारद्वाज, कांस्टेबल बिरेन्द्र सिंह, मुकेश नेगी, नितुल यादव शामिल रहे।

Leave a Reply