हजरत मोहम्मद साहब ने दुनिया को दिया प्यार और इंसानियत का पैगाम-शफी खान
हरिद्वार, 25 अगस्त। जश्ने ईद-उल-मिलादुन्नबी के अवसर पर अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसायटी की ओर से जिला अस्पताल, मेला अस्पताल, महिला अस्पताल, रामकृष्ण मिशन अस्पताल सहित कई अस्पतालों में मरीजों को फल वितरित किए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की दुआ की। सोसासटी के अध्यक्ष शफी खान एवं महासचिव राहील कुरैशी ने कहा कि हजरत मोहम्मद साहब ने दुनिया को प्यार और इंसानियत का पैगाम दिया।
उनके दिखाए रास्ते पर चलते हुए ईद-उल-मिलादुन्नबी के अवसर पर अस्पतालों में भर्ती मरीजों को फल वितरित कर इंसानियत, भाईचारे, प्रेम और जरूरतमंदों की मदद करने का संदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना सभी की जिम्मेदारी है। इस दौरान सोसायटी के नायब सदर एवं ज्वालापुर ईदगाह कमेटी के सदर हाजी जमशेद खान, जैनुल अंसारी, नौशाद मंसूरी, फुरकान अंसारी, नसीम सलमानी, शौकीन अब्बासी सहित कई लोग शामिल रहे।


