तनवीर
बिजली कटौती से मंदी की मार झेल रहे व्यापारियांे पर पड़ रही दोहरी मार-मृदुल कौशिक
हरिद्वार, 25 मार्च। अघोषित बिजली कटौती किए जाने के विरोध में व्यापारियों ने न्यू हरिद्वार चंद्राचार्य चौक व्यापार मंडल के अध्यक्ष मृदुल कौशिक के संयोजन में चंद्राचार्य चौक पर एकत्र होकर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष मृदुल कौशिक ने कहा कि व्यापारी पहले से ही मंदी की मार झेल रहे हैं। बिजली विभाग द्वारा अघोषित बिजली कटौती किए जाने से व्यापारियों पर दोहरी मार पड़ रही है। मध्य हरिद्वार क्षेत्र में रोजाना घंटों के हिसाब से अघोषित बिजली कटौती जा रही है। भारी भरकम बिजली बिलों का भुगतान करने के बावजूद बिजली नहीं मिल रही है। बिजली जाने पर काम पूरी तरह ठप्प हो जाता है। बिजली जाने का कारण भी स्पष्ट नहीं किया जा रहा है।
मृदुल कौशिक ने कहा कि फोन करने पर विभाग के अधिकारी फोन नहीं उठाते हैं। व्यापारियों का एवं आमजन का शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डीजल महंगा होने के कारण व्यापारी जनरेटर भी नहीं चला पा रहे हैं। यदि बिजली विभाग के अधिकारियों ने अपनी कार्यशैली नहीं बदली और अघोषित बिजली कटौती बंद नहीं की गयी तो विभाग के दफ्तरों पर तालाबंदी कर और पुतला फूंक कर विरोध जताया जाएगा।
महामंत्री दीपक अग्रवाल एवं अनूप सिंह सिद्धू ने कहा कि ऊर्जा प्रदेश में बिजली संकट से व्यापारी हताश और निराश हैं। प्रदर्शन करने वालों में अनूपसिंह सिद्धू, दीपक अग्रवाल, सुरेंद्र अग्रवाल, सचिन गुप्ता, मयंक शर्मा, उपेंद्र शर्मा, अंकुश गोयल, विनोद कुमार, यश गुलाटी, संजीव कुमार, राजेश कुमार, कपिल कुमार, हिमांशु सैनी, सुशील कुमार, संदीप कौशिक आदि व्यापारी शामिल रहे।


