राहत अंसारी
हरिद्वार, 11 मई। बिजली के दाम बढ़ाने और मंहगाई को लेकर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने हरिद्वार लकसर मार्ग पर धनपुरा में भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस अवसर पर आप पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने बिजली के दाम बढ़ा कर गरीब तबके के लोगों और किसानों के साथ अन्याय किया है। पहले ही लोग बढ़ती मंहगाई और किसान बिजली कटौती व जंगली जानवरों के फसलों को नुकसान पहुंचाने को लेकर काफी परेशान है।
अब बिजली के दाम बढ़ने और बढ़ती मंहगाई के कारण लोगों की परेशानी और बढ़ जायेगी। उन्होंने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल व तमाम खाद्य पदार्थो के दाम आसमान छू रहे हैं। जनता महंगाई से जूझ रही है। लोगों के लिए घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। लेकिन भाजपा सरकार जनता की समस्याओं के प्रति आंखे मूंदे बैठी है। प्रदर्शन से पहले आप पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश शर्मा का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
प्रदर्शन करने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश शर्मा, युवा मोर्चा के अध्यक्ष संजू नारंग, संगठन मंत्री अंबरीश गिरी, खालिद हसन, दीप्ति चैहान, अनीस खान, मुस्तफा, पंकज, जातिराम, शमशाद मलिक, परविंदर कुमार, राव सुल्तान, खलील राणा, शमीम अहमद, वसीम बक्स, साजिद, राहिल खान, अभिषेक, मोतिन अब्बाशी आदि शामिल रहे है।