व्यापारियों ने की कांवड़ मेला कराने की मांग

Haridwar News
Spread the love

कमल खड़का

हरिद्वार, 1 जुलाई। भीमगोडा खड़खड़ी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय अरोड़ा ने सरकार से कांवड़ मेला कराने की मांग की है। प्रदेश सरकार से मांग करते हुए उन्होंने कहा कि यदि सरकार सही मायने में व्यापारियों की मदद करना चाहती है तो सरकार को आगे आकर भारत सरकार की गाइड लाइन के अनुसार सोशल डिस्टेंसिंग आदि नियमों का पालन कराते हुए कांवड़ मेला कराना चाहिए। कोरोना वायरस के चलते किए गए लाॅकडाउन की वजह से व्यापारी गहरे आर्थिक संकट में फंस गए हैं।

हरिद्वार में प्रतिवर्ष होने वाला कांवड़ मेला यहां के व्यापारियों की आजीविका का मुख्य आधार है। सरकार को भी कांवड़ मेले से भारी मात्रा में राजस्व की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि सरकार को व्यापारियों को आर्थिक संकट से उभारने के लिए कावड़ मेला करवाना चाहिए। महामंत्री अनुज गुप्ता व कोषाध्यक्ष अजय गिरि ने कहा कि व्यापारियों को एकजुट होकर अपने हितों को सुरक्षित करना चाहिए। व्यापार बचेगा तो व्यापारी बचेगा। सरकार व्यापारियो की कोई सुध नहीं ले रही है। जबकि सरकार को सबसे ज्यादा टैक्स व्यापारी ही देता है।

अनुज गुप्ता ने कहा कि भूमिगत विद्युत लाइन डालने वाली कम्पनी को भीमगोडा खड़खड़ी क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत शीघ्र करनी चाहिए। वरना भीमगोडा खड़खड़ी व्यापार मंडल भूमिगत विद्युत लाइन डालने वाले कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन करेगा। इस मौके पर सुरेन्द्र गुप्ता, चंद्रशेखर गोस्वामी, मनीष जैन, राहुल अग्रवाल, रामचन्द्र बंसल, विवेक गर्ग, सन्नी अरोड़ा, शिवप्रकाश शिव, अनिल शर्मा आदि मौजूद रहे।