मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन और डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में सकुशल संपन्न हुआ कांवड़ मेला-श्रीमहंत रविंद्रपुरी
पुलिस और प्रशासन के बेहतर समन्वय से संपन्न हुआ कांवड़ मेला-श्रीमहंत हरि गिरी
हरिद्वार, 13 अगस्त। कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज तथा अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरी व निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह, एसपी क्राईम निशा यादव, मेयर किरण जैसल, सीडीओ ललित नारायण मिश्र, अपर कुंभ मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह, पुलिसकर्मियों, नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया।
चरण पादुका मंदिर में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज एवं महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरी ने कांवड़ मेले के दौरान सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सफाई कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए चरण धोकर और आरती उतारकर उन्हें सम्मानित किया। श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन और डीएम मयूर दीक्षित एवं एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में प्रशासन, पुलिस, नगर निगम सहित तमाम विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने संयम और समर्पण का परिचय देते हुए विशाल कांवड़ मेले को सकुशल संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के कांवड़ मेले में लगभग पांच करोड़ श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे थे।
श्रद्धालुओं की इतनी विशाल संख्या के बीच सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सफाई कर्मचारियों ने सराहनीय योगदान किया। जिसके लिए सभी सफाई कर्मचारी बधाई के पात्र हैं। अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरी ने कहा कि विशाल कांवड़ मेले में प्रशासनिक प्रबंध, सुरक्षा और सफाई व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण कार्य है। प्रशासन, पुलिस और नगर निगम के अमले ने जिस प्रकार बेहतर समन्वय के साथ कांवड़ मेला संपन्न कराया है। उसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए कम है।
कांवड़ मेले में किए गए प्रबंध और अनुभव का लाभ अगले वर्ष होने वाले कुंभ मेले में भी मिलेगा। श्रीमहंत रामरतन गिरी ने कहा कि कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने के लिए डीएम, एसएसपी सहित तमाम अधिकारी कर्मचारी बधाई के पात्र हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी, महामंत्री हरि गिरी, श्रीमहंत रामरतन गिरी सहित सभी संतों का आभार जताया और कहा कि विशाल कांवड़ मेले को सकुशल संपन्न कराना बेहत चुनौतीपूर्ण था। संत समाज और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से कांवड़ मेला सकुशल संपन्न हुआ।
इस अवसर पर महामंडलेश्र स्वामी ललितानंद गिरी, महंत राज गिरी, महंत सतीश वन, यूपी सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विकास त्यागी, सहायक अभियंता भारत भूषण, मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्ट अनिल शर्मा, महेश दुबे, पंडित अधीर कौशिक सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।


