हरिद्वार, 13 अगस्त। कांवड़ मेला संपन्न होने तथा स्वतंत्रता दिवस के दृष्टिगत जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में नगर निगम द्वारा हर घर तिरंगा हर पग स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में शांतिकुंज के स्वयंसेवी भी शामिल हुए और मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा की देखरेख में रोड़ी बेलवाला क्षेत्र की सफाई की।
जबकि बैरागी कैंप क्षेत्र में मुख्य सफाई निरीक्षक श्रीकांत, गुरुकुल कांगड़ी सर्विस रोड पर मुख्य सफाई निरीक्षक विकास छाछर, कांवड़ पटरी पर मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील मलिक तथा लालजीवाला क्षेत्र में सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल के नेतृत्व में सफाई की गयी। अभियान के दौरान कांवड़ मेले के दौरान एकत्र हुए कूड़े को साफ कर निस्तारण किया गया। अभियान के दौरान उपनगर आयुक्त दीपक गोस्वामी तथा जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत सहित नगर निगम तथा जिला प्रशासन की टीम मौजूद रही।
नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि कांवड़ मेला समाप्त होने और स्वतंत्रता दिवस के दृष्टिगत शहर को साफ सुथरा एवं सुंदर बनाने के लिए नगर निगम द्वारा कांवड़ मार्गो, पार्किंग एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर विशेष अभियान चलाकर सफाई व्यवस्था को सामान्य स्थिति में बहाल कर दिया गया है।


